बलरामपुर: युवक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड की घटना में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रामपुरी चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि 21 जून 2026 को वादी कय्यूम पुत्र निब्बर निवासी अहिरनडीह, थाना श्रीदत्तगंज ने पीआरवी-112 को सूचना दी थी कि उसके भाई राजू उर्फ मोहम्मद हुसैन की हत्या कर शव बजाज चीनी मिल के पास स्थित यूकेलिप्टस के बाग में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक के भाई कय्यूम की तहरीर पर छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंगलवार को सभी हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में अरमान पुत्र बहादुर अली शाह, समीर पुत्र बहादुर अली शाह, अरमान पुत्र ननकऊ, सलमान पुत्र मोहम्मद अली शाह निवासीगण ग्राम अहिरनडीह, हमदान पुत्र इरफान निवासी कस्बा सादुल्लानगर तथा मोहम्मद पुत्र नजर मोहम्मद निवासी ग्राम करगहिया थाना श्रीदत्तगंज शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों से पता चला है कि मृतक राजू उर्फ मोहम्मद हुसैन (28) को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर यूकेलिप्टस के बाग में पहुंचाया। वहां उसे अधिक मात्रा में शराब पिलाई गई और नशे की हालत में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
पूछताछ में मुख्य आरोपित अरमान और समीर ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक ने उनके भाई रहमान के साथ मारपीट की थी, जिससे वे उससे रंजिश रखने लगे थे। मुंबई से घर लौटने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और योजना के तहत घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रामपुरी चाकू बरामद कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

