home page

दिलीप चौहान हत्याकांड में दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
दिलीप चौहान हत्याकांड में दो आरोपित गिरफ्तार


सुलतानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में दिलीप चौहान हत्या मामले में पुलिस ने गुरुवार दोपहर दो आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। मामले में तीन नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आरोपी नशे में थे और रंगबाजी के चलते हमला किया था।

सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि अखंडनगर इंस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार वर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें पतरू पहाड़पुर गांव की ओर से नरवारी के पास पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम चौहान (24 ), पुत्र ओम प्रकाश चौहान उर्फ नाटे और शिवम चौहान (23 ), पुत्र कन्हैया चौहान के रूप में हुई है। दोनों ग्राम साड़ी जगदीशपुर, थाना अखंडनगर के निवासी हैं।

दिलीप चौहान, पुत्र नरेन्द्र बहादुर चौहान, ग्राम बांध गांव, थाना सरपतहा, जिला जौनपुर के निवासी थे। वह अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू के साथ सैंखोली गांव के पास शौच के लिए गए थे। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने शराब की बोतल तोड़कर और चाकुओं से दोनों पर हमला किया। हमले में दिलीप चौहान की मौके पर मौत हो गई। अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी अखंडनगर भेजा गया था।

पुलिस के मुताबिक, जांच में शिवम पुत्र कन्हैया, शिवम पुत्र नाटे, आरोप पुत्र राजेश, शुभम पुत्र भानू और अवनीश पुत्र रामकरन के नाम सामने आए हैं। इनके अलावा तीन-चार अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त