home page

कब्र से 23 दिन बाद निकाला गया युवक का शव, हत्या की आशंका काे लेकर जांच में जुटी पुलिस

 | 
कब्र से 23 दिन बाद निकाला गया युवक का शव, हत्या की आशंका काे लेकर जांच में जुटी पुलिस


बलरामपुर, 26 मई (हि.स.)। जनपद के थाना हर्रैया क्षेत्र के ग्राम लखनीपुर के मजरा धनगढ़वा गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 23 दिन पहले दफन किए गए एक युवक के शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक धनगढ़वा गांव निवासी 21 वर्षीय सुनील कुमार की इलाज के दौरान तीन मई को मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने शव को गांव में दफना दिया था। अंतिम संस्कार उपरांत युवक की हत्या की शक होने पर मृतक के भाई लवकुश पासवान ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर भाई की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।

मामले पर जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को सदर एसडीएम हेमंत गुप्ता के मौजूदगी में पुलिस टीम ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बताया गया कि 29 अप्रैल 2026 को मृतक सुनील कुमार अपनी बाइक से थाना ललिया क्षेत्र के रामनगरा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ युवक एक डांसर को लाने के लिए उसकी बाइक लेकर गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे बरदौलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क हादसे की सूचना मिली।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग घायल सुनील को छोड़कर चले गए थे। बाद में यूपी-112 की सूचना पर एम्बुलेंस से उसे शिवपुरा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। परिजनों को घटना की जानकारी अगले दिन मिली। इसके बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 3 मई 2026 को उसकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार के बाद परिजनों को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने शासन-प्रशासन से जांच और पोस्टमार्टम की मांग की। अब पूरे मामले में सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

मृतक के बड़े भाई लवकुश ने बताया कि 29अप्रैल को वह अपने ससुराल में कार्यक्रम में गया था। वहीं से इलाज के लिए भेजा गया । काफी बाद में हम लोगों को सूचना दी गई। एसडीएम ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन