ट्रेन के सीट पर बैठने को लेकर दो पक्ष में मारपीट, इलाज के दौरान जख्मी की मौत
सहरसा, 08 जून (हि.स.)। जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही राजकीय रेल पुलिस अस्पताल पहुंचकर मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और अग्रतर कार्रवाई कर रही है। मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम के भेड़दरी वार्ड नंबर 24 निवासी मो हनीफ के 38 वर्षीय पुत्र मो अनीस के रूप में हुई है। मृतक ऑटो ड्राइवर है और वह सहरसा से मधेपुरा ऑटो चला कर अपने परिवार की गुजर बसर किया करता था। मृतक को तीन संतान है जिसमें दो पुत्र 15 साल का तबरेज दूसरा 14 वर्षीय परवेज और एक पुत्री 12 वर्षीय शहजादी खातून शामिल है।
घटना रविवार को तब हुई थी जब अमृतसर पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 14618) में जब भेड़दरी वार्ड 24 निवासी मो निज़ाम अपनी सास मोमिना बीबी को सहरसा स्टेशन ट्रेन में बिठाने के लिए साथ गया। ट्रेन के बोगी में सीट को लेकर मोहम्मद निजाम ने सीट पर कब्जा जमाकर बिठाने लगा तो उसी दरमियान महिषी थाना के वार्ड 13 निवासी 66 वर्षीय मुसद सादा और उनका पुत्र 26 वर्षीय रमेश सादा के बीच बैठने को लेकर विवाद हो गया।
दोनों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मो निज़ाम ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग 8- 9 की संख्या में आकर मारपीट करने लगे। इसको देखकर मेरे साथ आया हुआ अनीश ने बीच बचाव शुरू किया। तो दूसरे पक्ष के लोगों के द्वारा उसे ट्रेन के बोगी में सर को पटक पटक कर मरने लगे जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद वहां पुलिस पहुंची तब तक कई लोग भाग चुके थे। दो लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। जख्मी हालत में अनीश को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसके गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह सहरसा शहर के निजी क्लीनिक में इलाजरत अनीश का ब्रेन डेथ हो गया।
निजी क्लीनिक के डॉ रंजेश कुमार ने कहा कि सर में गंभीर चोट होने की वजह से उसका सोमवार की सुबह 4 बजे ब्रेन डेथ हो चुका है लेकिन हार्ड बिट चल रहा है। उन्होंने कहा कि 99 प्रतिशत ऐसे केस में मौत हो जाती है। सहरसा रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना के थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि जब तक डेथ पूरी तरह बॉडी का हो नहीं जाएगा तब तक पोस्टमार्टम संभव भी नहीं है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कारवाई किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

