जबलपुरः जीआरपी के पुराने जर्जर भवन की छत पर मिला युवक का शव
जबलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार को सेठी हॉस्पिटल के पास स्थित जीआरपी के पुराने जर्जर भवन की छत पर एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सूचना मिली थी कि पुराने जीआरपी भवन की छत पर एक शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि शव एक अज्ञात युवक का है, जो करीब 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की हालत काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह मामला हत्या का है, दुर्घटना है या फिर प्राकृतिक मौत का कोई मामला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

