राजगढ़ः खुरपी से प्रहार कर 55 वर्षीय महिला की हत्या
राजगढ़, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र के ग्राम घोसला में बुधवार की रात एक 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। महिला के सिर और गर्दन पर धारदार खुरपी जैसे हथियार से हमला किया गया था। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार बीती रात पूरीबाई पत्नी सिद्धनाथ तंवर, निवासी ग्राम घोसला, का शव उनके घर के आंगन में पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जो स्पष्ट रूप से धारदार हथियार से किए गए प्रहार दर्शा रहे थे। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं, जबकि उनका पति सिद्धनाथ गाँव में घूमने निकला हुआ था। दंपत्ति अकेले रहते थे और उनके बच्चे पास ही बने दूसरे मकान में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। हत्या की खबर से पूरे गाँव में दहशत और गहरा शोक फैल गया है। पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है, ताकि आरोपित तक पहुँचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

