home page

मुरैना में 7 साल की मासूम की हत्या, गड्ढे में मिला शव, शादी समारोह में आई थी बच्ची

 | 
मुरैना में 7 साल की मासूम की हत्या, गड्ढे में मिला शव, शादी समारोह में आई थी बच्ची


मुरैना, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह बच्ची का शव गांव से कुछ दूरी पर एक सुनसान इलाके में गुफानुमा गड्ढे में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, इटौरा गांव निवासी बलराम जाटव अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी तनु के साथ बुधवार रात रामलाल का पुरा गांव में रिश्तेदारी के एक भात कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद देर रात बलराम अपनी बेटी के साथ सो गए। परिजनों के मुताबिक रात करीब 3 बजे तक बच्ची पिता के पास ही थी, लेकिन सुबह करीब 5 बजे जब उनकी आंख खुली तो तनु बिस्तर पर नहीं मिली।

तलाश के दौरान गड्ढे में मिला शव

बच्ची के अचानक गायब होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार सुबह करीब 11 बजे गांव से करीब 800 मीटर दूर एक सुनसान इलाके में गुफानुमा गड्ढे के भीतर बच्ची का शव मिला। बताया जा रहा है कि बच्ची के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजन बदहवास हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

साक्ष्य छिपाने की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस, एसडीओपी कैलारस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि शव को गड्ढे में फेंककर घटना छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया बच्ची के कपड़े व्यवस्थित पाए गए हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे