home page

केराकत में हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार

 | 
केराकत में हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार


जौनपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बुधवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त .32 बोर की देशी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलईपुर बैरगिया निवासी अनमोल यादव के रूप में हुई है। उसे देवाकलपुर नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 भी बढ़ाई गई है। घटना का बुधवार को अनावरण करते हुए क्षेत्राधिकारि केराकत गिरेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के बलईपुर बैरगिया गांव निवासी पतिराम पाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि उनका पुत्र गुलाब पाल (29) 13 अक्टूबर की रात करीब एक बजे वीरमपुर गांव में तेरहवीं का भोज खाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाग के पास मुकदमे की रंजिश में अनुराग पाल, सचिन पाल, धर्मू यादव और अनमोल यादव ने मिलकर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अनमोल यादव को संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव