चरित्र शंका में प्रेमिका की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपित गिरफ्तार
महासमुंद, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले की पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने चरित्र शंका के चलते अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को महानदी तट स्थित श्मशान घाट के पास फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को ग्राम पारागांव स्थित श्मशान घाट, महानदी तट पर रूकमणी सोनवानी का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद हुआ था। मृतका के जांघ, कूल्हे, हाथ एवं पैरों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि, मृतका का सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37 वर्ष), निवासी पंजाब, हाल निवासी ग्राम मुढीपार महासमुंद के साथ पिछले छह से सात वर्षों से प्रेम संबंध था।
पुलिस जांच में सामने आया कि, 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपित ने मृतका को किसी अन्य पुरुष के साथ देख लिया। इसी बात को लेकर उसने मृतका के चरित्र पर संदेह जताते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपित ने धारदार कड़े तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित को रायपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर 15 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

