गोली मारकर वृद्ध किसान की हत्या
भागलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी भिट्ठा गांव के वार्ड संख्या 4 निवासी 65 वर्षीय किसान बुट्टन मंडल की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
बुट्टन मंडल अपने बासा पर सोए हुए थे। इसी दौरान बीते रात करीब दो से तीन बजे के बीच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी, जो छाती को चीरते हुए निकल गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी रविवार की सुबह तब हुई जब उनका बड़ा बेटा मवेशी को चारा खिलाने बासा पर पहुंचे, तो देखा पिताजी सोए हुए हैं। जब उन्हें जगाने की कोशिश किया तो अपने पिता को खून से लथपथ देखा।
पिता को मृत अवस्था में देख वह दंग रह गया। इसके बाद परिजन ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि घटना स्थल मृतक के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। हत्या की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक मिलनसार प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था, जिससे हत्या के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

