सड़क किनारे मिला ई-रिक्शा चालक का शव, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित महर्षि मेंही आश्रम जाने वाले मार्ग पर से रविवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक का शव बरामद किया गया है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा चालक शनिवार शाम को घर से निकला था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस लूटपाट, आपराधिक वारदात और व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान बड़ी गोपालपुर निवासी 50 वर्षीय निराला यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक थे और अपने वाहन के सहारे परिवार का भरण-पोषण करते थे।
रविवार तड़के सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन के बताया कि निराला यादव शनिवार शाम करीब पांच बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो उठे।
पहले परिचितों और रिश्तेदारों से संपर्क किया गया, फिर आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच रात करीब तीन बजे हत्या की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर परिजन ने देखा कि निराला यादव खून से लथपथ अवस्था में मुंह के बल पड़े हुए थे, जबकि उनका ई-रिक्शा सड़क से नीचे नाले की दिशा में खड़ा था।
मृतक के छोटे भाई रतन यादव ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे निराला यादव की पत्नी से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनसे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। पुलिस अब इस आखिरी कॉल की डिटेल खंगाल रही है और इसे जांच का महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जांच के दौरान एक युवक के हथियारनुमा वस्तु लेकर जाते दिखने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि हत्या की घटना की पुष्टि हुई है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। यह जांच की जा रही है कि हत्या गोली मारकर की गई या किसी धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

