झांसी में शराब पार्टी के बाद लोक गायिका की हत्या, अधजला शव मिला
- पायल, अंगूठी, साड़ी और चप्पलों के आधार पर हुई शिनाख्त
झांसी, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के उल्दन थाना क्षेत्र के बंगरा स्थित पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सूखे नाले में शुक्रवार को मिले महिला के शव शिनाख्त बुन्देली लोक गायिका लवली के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि महिला की हत्या करके पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका शव जलाया गया था। शव के आसपास हाथ-पैर अलग पड़े थे, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी टहरौली आसमा वकार सहित कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया था।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मृतका की पहचान बंगरा निवासी मोहनलाल कुशवाहा ने पायल, अंगूठी, साड़ी और चप्पलों के आधार पर लाेक गायिका लवली के रूप में की है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। वह फोन पर बात करते हुए घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जले शव की सूचना मिलने के बाद देर शाम परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
उन्हाेंने बताया कि घटनास्थल से शराब की बोतलें, बियर कैन, नमकीन के पैकेट और एक जला हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। खेत की तारों में लाल साड़ी का टुकड़ा और दुपट्टा फंसा मिला, जबकि पास में महिला की चप्पल भी पड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग उसे वहां लेकर आए और शराब पार्टी के दौरान किसी अनहोनी के बाद उसकी हत्या कर शव को जला दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस अधीक्षक नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि लवली बुन्देली लोकगीत गायिका थी और कार्यक्रमों के सिलसिले में अक्सर बाहर जाती रहती थी। वहीं, उस पर वर्ष 2022 में हत्या का मामला भी दर्ज हुआ था, जिसमें वह करीब दो वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी। फिलहाल मामले के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

