08 वर्षीय बच्ची की हत्या से सनसनी, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, SIT गठित
किशनगंज, 04 मई (हि.स.)। जिले के कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर गांव पंचायत–सिंधीमारी में 08 वर्षीय बच्ची की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की। घटना के त्वरित उद्भेदन को लेकर एसपी संतोष कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया है। टीम को हत्या के कारणों का पता लगाने एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 02 मई 2026 को दिन में बच्ची का शव उसके घर के समीप स्थित मकई के खेत से बरामद हुआ था।सूचना मिलते ही कोढ़ोबारी थाना पुलिस, अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित किया। जांच के लिए एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बच्ची की हत्या कहीं और करने के बाद शव को मकई के खेत में फेंका गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मानवीय आसूचना एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान किया जा रहा है, ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें सजा दिलाई जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

