भागलपुर में दस वर्षीय मासूम की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के कबीरपुर में सोमवार को एक 10 वर्षीय मासूम का शव कूड़े के ढेर से मिलने का बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। बताया जा रहा है कि बच्चे की हत्या गला रेतकर या बेरहमी से पिटाई कर की गई है। साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शव को कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। सोमवार की सुबह जब नगर निगम के सफाईकर्मी सफाई के लिए पहुंचे, तो कचरे के ठेले में बच्चे की शव देखकर उनके होश उड़ गए।
खबर फैलते ही चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान ललमटिया निवासी मोहम्मद इजहार के पुत्र मोहम्मद शमीर के रूप में हुई है। शमीर के पिता पास के ही एक मीट दुकान में काम कर मजदूरी करते हैं।
परिजन ने बताया कि शमीर रविवार की रात करीब 11 बजे तक मोहल्ले में ही अपने दोस्तों के साथ कोल्ड ड्रिंक पीता हुआ देखा गया था। शव पर कई जगह गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। परिजन का आरोप है कि किसी परिचित या अज्ञात अपराधी ने पुरानी रंजिश में इस मासूम की जान ले ली।
मौके पर लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए चार थानों की पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। सिटी एसपी के निर्देश पर एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से खून के सैंपल और अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। वहीं पुलिस ने शमीर के एक साथी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से उसके कुछ दोस्त फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों के भागने का पता चल सके। जैसे ही शमीर की मौत की खबर घर पहुंची, कोहराम मच गया। मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर हंगामा किया है। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

