home page

सनकी पति ने धारधार हथियार से की पत्नी की हत्या, आरोपी पति फरार

 | 
सनकी पति ने धारधार हथियार से की पत्नी की हत्या, आरोपी पति फरार


नवादा, 30 अप्रैल (हि.स.)।नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक के कारण सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की गीज्जर (बरछी) से गोदकर हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मृतका की पहचान बबीता कुमारी के रूप में हुई है,जबकि आरोपी पति रवि मांझी बताया जा रहा है। दोनों की शादी करीब 25 वर्ष पहले हुई थी और उनके सात बच्चे हैं। स्वजनों के अनुसार,पति रवि मांझी अपनी पत्नी पर अक्सर बेवजह शक करता था,जिसे लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आपा खो दिया और पत्नी पर गीज्जर (बरछी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने हुई। गंभीर रूप से घायल बबीता कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कौआकोल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर थानाध्यक्ष एसआई अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और सातों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। कौआकोल पुलिस के अनुसार हत्यारा पति पूर्व से आपराधिक किस्म का व्यक्ति रहा है। उसके विरुद्ध कौआकोल थाना सहित कई अन्य थाना में पूर्व से कई मामले दर्ज है। घटना के बाद मृतक की माता ने कौआकोल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन