नालंदा जिले में गोली मारकर युवक की हत्या
नालंदा, 22 सितंबर (हि.स.)।नालंदा जिला अंतर्गत खुदागंज थाना क्षेत्र के धोव डीहा गांव में मंगलवार की सुबह बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमीरक प्रसाद का 22 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में की गई है।
घटना के कारणों पर अभी सस्पेंस बरकरार है। हालांकि परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। घटनाक्रम के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि युवक को गांव में ही दिन के उजाले में बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी है। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए इस्लामपुर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-टू रामदुलार प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि सीने में गोली मारकर युवक की हत्या की गयी है। घटना का कारण परिवारवालों द्वारा स्पष्ट नहीं किया गया है। परिजन कुछ बदमाशों के नाम बता रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

