राजेश्वरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता, 12 घंटे के भीतर हत्या कांड का खुलासा
सुपौल, 20 मई (हि.स.)। जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में हुई युवती हत्या मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून से सना टी-शर्ट और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 18-19 मई 2026 की रात राजेश्वरी थाना क्षेत्र में एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थाना पुलिस एवं त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और विशेष जांच दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, एफएसएल टीम की सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी नीतेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी वार्ड संख्या-12 का निवासी बताया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मृतका के साथ पहले से प्रेम संबंध था। लेकिन शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने हत्या की योजना बनाई। घटना की रात आरोपी ने युवती को मोबाइल फोन के जरिए गांव के समीप स्थित स्कूल परिसर में बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून लगा टी-शर्ट और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार, जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर सहित जिला तकनीकी शाखा और जदिया थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

