संपत्ति के लालच में बेटे ने की मां की हत्या विरोध में सड़क जाम
नालंदा, बिहारशरीफ 15 मई (हि.स.)। जिले में चंडी थाना क्षेत्र के बदौरा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन और मकान विवाद में बेटों पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है।
शुक्रवार की सुबह हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भय, आक्रोश और मातम का माहौल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-431 जैतीपुर-हरनौत मुख्य सड़क को नरसंडा बाजार के समीप करीब तीन घंटे तक जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ तथा यातायात बहाल कराया जा सका।मृतका की पहचान बदौरा गांव निवासी स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद की पत्नी जिलवी देवी के रूप में की गई है। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार परिवार में जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि मृतका का अपने बड़े और मंझले बेटे के साथ संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। इस कारण वह लगातार मानसिक तनाव में रह रही थीं। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि वारदात के समय मृतका का नाती आयुष राज उनके साथ सो रहा था। आरोप है कि पहले बच्चे के हाथ-पैर बांधकर उसे अलग कर दिया गया, उसके बाद जिलवी देवी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि एक आरोपित पुत्र रविशंकर कुमार वारदात के बाद ओला कार से फरार होने की कोशिश कर रहा था, जिसे बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना अध्यक्ष चंदन कुमार के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

