पति ने पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या की,पत्नी गिरफ्तार
-घर के अंदर शव गाड़कर बना दी फ़र्श
रायबरेली, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में पति ने पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले का खुलासा होने पर शनिवार को साज़िश में शामिल पत्नी को गिरफ़्तार कर लिया गया है, जबकि हत्यारोपित पति फरार है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया ।
ज़िले के डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ निवासी रीता की शादी भदोखर में रामप्रकाश के साथ हुई थी,लेकिन पति से अनबन होने के कारण वह मायके में ही रहती थी।
यहां उसका प्रेम प्रसंग अमित के साथ था, जबकि उसका पति राम प्रकाश भी अक्सर अपनी पत्नी के पास आता-जाता रहता था। विगत दिनों से रीता और उसके प्रेमी अमित के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को वह घर में अमित के साथ बैठी थी तभी उसका पति रामप्रकाश आ गया और अमित से झगड़ने लगा। विवाद बढ़ने के बाद रामप्रकाश ने आवेश में आकर अमित का गला घोंटकर हत्या कर दी।
पकड़े जाने के डर से उन्होंने घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और ऊपर से फर्श बराबर कर दी।
जब शव सड़ने लगा और घर से असहनीय बदबू आने लगी तो स्थानीय ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर के अंदर खुदाई करवाई, तो वहां से अमित का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपित पत्नी रीता को हिरासत में ले लिया, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं, घटना के बाद से आरोपित पति राम प्रकाश फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। डलमऊ थानाध्यक्ष राघवन सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है,जांच की जा रही है। हत्यारोपित रामप्रकाश की तलाश हो रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

