home page

जल शक्ति विभाग के जेई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका

 | 
जल शक्ति विभाग के जेई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका


कुल्लू, 26 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। घटना शुक्रवार रात की है, जब जेई गांधी नगर स्थित जल शक्ति विभाग कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर लहूलुहान अवस्था में पाए गए।

मामला कुल्लू मुख्यालय का है जब शुक्रवार देर रात को घायल अवस्था में पड़े जेई को स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बिलासपुर एम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार को एम्स में उनकी मौत हो गई। उनकी स्कूटी घटनास्थल के नजदीक ही रोटरी आई अस्पताल के पास बरामद की गई है।

मृतक की पहचान लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है।

कार्यालय के समीप का यह मार्ग व्यस्त माना जाता है और आसपास कई रिहायशी मकान हैं। ऐसे में इतनी देर तक कोई व्यक्ति लहूलुहान हालत में वहां कैसे पड़ा रहा और किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी?

जेई के सिर पर गंभीर चोटें पाई गई हैं, जिससे दुर्घटना या सोची-समझी साजिश (हमले) की आशंका जताई जा रही है। घटना से पहले वह किसके साथ थे, पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है।

मृतक की पत्नी कांता देवी ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। पत्नी के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने जानकारी दी कि मृतक जेई लाभ सिंह गुलेरिया निवासी बसोना (पीपलआगे) तहसील भुंतर जिला कुल्लू के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस पूरे मामले की गहन जांच एसएचओ भूप सिंह गुलेरिया द्वारा की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है और

एसपी ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में यह हत्या का मामला पाया जाता है, तो दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह