home page

पिता की जमा पूंजी को लेकर विवाद, भाई ने की भाई की हत्या

 | 
पिता की जमा पूंजी को लेकर विवाद, भाई ने की भाई की हत्या


दक्षिण 24 परगना, 01 मार्च (हि. स.)। जिले के बासंती इलाके में पिता की जमा पूंजी को लेकर हुए झगड़े में दो भाइयों ने मिलकर अपने ही सगे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक का नाम यूसुफ अली मोल्ला (44) है। वह बासंती थाना अंतर्गत उत्तर मोकामबेड़िया पंचायत अंतर्गत हाड़भांगी गांव का निवासी था। यूसुफ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। कुछ दिन पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था, जिसके बाद पिता द्वारा छोड़ी गई नकद राशि को लेकर तीनों भाइयों—यूसुफ अली मोल्ला, सईद अली मोल्ला और सैफुद्दीन मोल्ला—के बीच लगातार विवाद चल रहा था। शनिवार शाम यह विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि सईद अली और सैफुद्दीन ने लाठी से यूसुफ पर बेरहमी से हमला किया। गंभीर रूप से घायल यूसुफ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर बासंती थाने की पुलिस भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सईद अली मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपित सैफुद्दीन मोल्ला घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।

मृतक के परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय