home page

प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम, थाना के अंदर माता-पिता ने चाकू से गोदकर की बेटी की हत्या

 | 
प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम, थाना के अंदर माता-पिता ने चाकू से गोदकर की बेटी की हत्या


बांदा, 12 जून (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ अतर्रा थाने के परिसर में ही एक पिता ने अपनी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपनी मर्जी से गैर-जातीय युवक से शादी कर ली थी, जो उसके पिता को मंजूर नहीं था।

अतर्रा कस्बे की इंदिरा कॉलोनी निवासी सत्यकुमार की 19 वर्षीय बेटी शिवानी, मोहल्ले के ही रहने वाले ललित वर्मा के साथ 18 मई को घर से चली गई थी। युवती की मां रन्नो की तहरीर पर पुलिस ने ललित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, बाद में पता चला कि दोनों ने मंदिर और रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी कर ली है।

पुलिस ने शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के सतना जिले की बरौंधा घाटी से प्रेमी युगल को बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने शादी के प्रमाण पत्र भी दिखाए।

शुक्रवार दोपहर पुलिस युवती का मेडिकल परीक्षण कराने और अदालत में 164 के बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच, युवती के बरामद होने की सूचना पर दोनों पक्षों के परिजन थाने पहुंच गए। वहां शिवानी के माता-पिता ने पहले उसे समझाने-बुझाने और डराने-धमकाने का प्रयास किया। जब शिवानी ने अपने पति ललित का साथ न छोड़ने की जिद बरकरार रखी, तो माता-पिता का आक्रोश चरम पर पहुंच गया।

अचानक, माँ रन्नो ने अपनी बेटी शिवानी को पीछे से मजबूती से जकड़ लिया और पिता सत्यकुमार ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पेट और हाथों पर गंभीर चोटें आने के कारण शिवानी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। थाने के भीतर हुई इस अप्रत्याशित हिंसा से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।

पुलिस ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल शिवानी को अतर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

क्षेत्राधिकारी अतर्रा, प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपित पिता और मां को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह