home page

अनूपपुर: प्रेम संबंध में हुई हत्या, आरोपी ने मुलाकात के बहाने बुला गला घोंटा, भेजा जेल

 | 
अनूपपुर: प्रेम संबंध में हुई हत्या, आरोपी ने मुलाकात के बहाने बुला गला घोंटा, भेजा जेल


अनूपपुर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई पुलिस ने अंधी हत्या के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां जेल भेज दिया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नवीन तिवारी ने मंगलवार को बताया कि जिले के चचाई थाना अंतगर्त ग्राम पंचायत बकही के सरपंच पति द्वारा 25 मार्च को सूचना दी गई कि महादेवरा मंदिर के पास पहाड़ी के ऊपर जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़-गला शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु गला घोंटने से होना सामने आया। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि मृतिका का प्रेम संबंध रामपुर निवासी 27 सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम से था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने 9 मार्च को मृतिका को मिलने के बहाने बुलाया और दो पहिया वाहन से सुनसान जंगल में ले जाकर विवाद के बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाकर फरार हो गया। जिसके बाद थाना चचाई में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला