बिहार के गयाजी में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद दोनों नस काटा
गयाजी, 09 अगस्त (हि.स.)। बिहार में गयाजी जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अन्तर्गत बाराडीह गांव में रविवार को पति ने पत्नी की हत्या कर दी। वहीं अपने दोनो हाथ की नस को काट लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका फेंकनी देवी (30) है। घायल पति मनोज कुमार (35) को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
मृतका के बड़े बेटे नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव में हमारा 2 घर है। दोनों आसपास ही है। एक घर में बच्चे और दादी सोते हैं, दूसरे में मेरे मम्मी-पापा सोते थे। शनिवार की रात सभी ने दूसरे घर में खाना खाया। इसके बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। रविवार सुबह दूसरे घर पर सो रहे मम्मी-पापा को जगाने पहुंचा। दरवाजा नॉक करने पर कोई जवाब नहीं मिला, काफी देर तक इंतजार किया। शोर मचाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
इसके बाद छोटे भाई आजाद (12) को वेंटिलेशन के रास्ते घर के अंदर भेजा। आजाद ने अंदर से दरवाजा खोला। इसके बाद दोनों भाई कमरे में पहुंचे। अंदर का सीन देखकर होश उड़ गए।
बड़े बेटे नीतीश ने बताया, पिताजी पहले राजमिस्त्री का काम करते थे। पिछले साल दिसंबर में उनका एक पैर टूट गया था। इसके बाद वह काम करने में सक्षम नहीं थे। घर की आर्थिक स्थिति खराब होने लगी थी। दवा और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। इसके बाद मां मजदूरी करने लगी।
मजदूरी से मिलने वाले पैसे से दवा और किसी तरह से घर का खर्च चल रहा था। हम तीन भाई हैं, तीनों पढ़ाई कर रहे हैं। बहन काजल की शादी हो चुकी है। सावन में मायके आई हुई थी।
नीतीश के मुताबिक फेंकनी देवी का मजदूरी करना मनोज को पसंद नहीं था। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। हालांकि शनिवार की रात दोनों के बीच क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।
मुफस्सिल थाना के पुलिस इंस्पेक्टर देवराज इंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ब्लेड से वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मनोज के दोनों हाथ की नसें कटी हुई थी। फेंकनी देवी का गला कटा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बंद कमरे के अंदर रात में क्या हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

