home page

हत्या और फायरिंग के दो अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

 | 

कटिहार, 06 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने अपराध पर लगाम कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्या और फायरिंग की घटनाओं को सुलझाते हुए दोनों मामलों के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नगर सहायक थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कुर्सेला थाना क्षेत्र में हुई एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। दोनों कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित अलग-अलग एसआईटी द्वारा की गई।

फायरिंग की घटना पांच जुलाई की रात नगर सहायक थाना क्षेत्र के भेड़िया रहिका वार्ड नंबर दो में हुई थी। वादी विजय चौहान अपने मोहल्ले में सौरभ सरकार की दुकान पर राशन लेने गए थे। उधार सामान मांगने को लेकर हुए विवाद में सौरभ सरकार और उसके साथी ने विजय चौहान पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।

घटना को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर दो घंटे के अंदर मुख्य आरोपी सौरभ सरकार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में कांड संख्या 756/26 दर्ज किया गया है।

दूसरी घटना कुर्सेला थाना क्षेत्र के नया टोला गांधी नगर बिंदटोली की है। बीते 29 जून की रात पुराने विवाद को लेकर 60 वर्षीय रामानंद महतो की हत्या कर दी गई थी। आरोपी रवि कुमार उर्फ रब्बू कुमार ने बांस के खूंटे से बुजुर्ग के सिर और शरीर पर प्रहार किया था, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी घायल कर दिया गया था। इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मुख्य आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

कुर्सेला हत्याकांड के गिरफ्तार आरोपी रवि कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुर्सेला थाने में पहले से ही भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दो गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा दोनों मामलों के आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह