home page

सागर: पूर्व प्रेमिका ने नए प्रेमी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमी को उतारा था मौत के घाट

 | 
सागर: पूर्व प्रेमिका ने नए प्रेमी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमी को उतारा था मौत के घाट


सागर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में पिछले दिनों मिली एक युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला प्रेम त्रिकोण और धोखे का निकला, जहाँ एक युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर अपने पूर्व प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी।

मृतक की पहचान सागर निवासी विकास सिंह राजपूत के रूप में हुई थी। विकास का शव टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला था, जिस पर चाकुओं के कई गहरे निशान थे। पुलिस को घटनास्थल से विकास की मोटरसाइकिल मिली थी, लेकिन उसका मोबाइल गायब था, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था।

पुलिस जांच के अनुसार, विकास और मुख्य आरोपी महिला पहले एक साथ अगरबत्ती बनाने का काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। हालांकि, महिला की किस्मत तब बदली जब उसकी सरकारी नौकरी दमोह जिले के पोस्ट ऑफिस में लग गई। नौकरी के दौरान महिला की मुलाकात जैसीनगर निवासी अजय यादव से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।

महिला ने अजय के करीब आने के बाद विकास से दूरी बनाना शुरू कर दिया था, जिसे लेकर विकास और महिला के बीच अक्सर विवाद होने लगा। घटना वाले दिन यानी होली पर विकास ने महिला पर शादी का दबाव बनाया और कहा कि वह उसे लेने आ रहा है।

अपनी नई जिंदगी में विकास को कांटा बनते देख महिला ने यह बात अजय को बताई। इसके बाद अजय ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

योजना के अनुसार, आरोपियों ने विकास को रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के पास बुलाया। वहां एकांत पाकर आरोपियों ने विकास पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए उन्होंने विकास का मोबाइल दूर फेंक दिया और फरार हो गए।

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि हत्या के मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है। महिला ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर हमने आरोपी महिला, अजय यादव (उम्र 28 साल) और लल्लू धानक (उम्र 42 साल) दोनों निवासी जैसीनगर, को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे