home page

दीपावली की रात चचेरे भतीजे ने चाचा को गोलियों से भूना, मौत

 | 
दीपावली की रात चचेरे भतीजे ने चाचा को गोलियों से भूना, मौत


दरभंगा, 09 नवंबर (हि.स.)।

जिले में बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में दीपावली की देर शाम पुरानी रंजिश में चचेरे भतीजे ने अपने 55 वर्षीय चाचा काशीकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी। घर में घुसकर बरामदे में बैठे चाचा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वारदात के बाद बाइक से भाग रहे आरोपी कुमोद ठाकुर (45) ने करीब दो किलोमीटर दूर बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में दो बाइक को टक्कर मार दी। इसमें तीन-चार लोग जख्मी हो गए। एक घायल का इलाज दरभंगा के निजी अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की और बांध दिया। सूचना पर पहुंची बहेड़ा पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, 40 जिंदा कारतूस, बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट और ग्लव्स बरामद किए गए। घटनास्थल की जांच में दीवार, दरवाजे और बरामदे के आसपास छह जगहों पर गोली के निशान मिले। ऊंची चारदीवारी से घिरे घर का मुख्य गेट खुला रहने के कारण आरोपी आंगन में प्रवेश कर गया। उस समय काशीकांत ठाकुर बरामदे में चौकी पर बैठे थे। आरोपी ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की। सीने और कनपटी समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी मीरा देवी घर के अंदर दीपावली पूजा की तैयारी कर रही थीं।

परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुमोद ठाकुर करीब एक वर्ष से काशीकांत ठाकुर को जान से मारने की धमकी दे रहा था। चार महीने पहले खेत में भी पिस्टल दिखाकर धमकाया था। इसके बाद मृतक ने बिरौल थाने में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की दहशत के कारण कोई उसके खिलाफ गवाही देने को तैयार नहीं था।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पूर्व आरोपी ने एक विधवा महिला के साथ मारपीट की थी। काशीकांत ठाकुर और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया था। इसी घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश बढ़ती चली गई। बताया जाता है कि वारदात वाली रात आरोपी ने पांच-छह रिश्तेदारों के घर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। बाद में काशीकांत ठाकुर के घर का गेट खुला देखकर वह अंदर घुस गया। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पहले फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकान चलाता था। पिछले दो वर्षों से खेती कर रहा था। उसका व्यवहार आक्रामक बताया जाता है। करीब एक वर्ष पूर्व उसकी 16 वर्षीय बेटी ने तालाब में कूदकर जान दे दी थी।

मृतक काशीकांत ठाकुर किसान थे। उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र बलराम ठाकुर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रेलवे में कार्यरत है, जबकि छोटा पुत्र अभिराम ठाकुर कोलकाता में चार्टर्ड अकाउंटेंट है। पड़री गांव सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर का पैतृक गांव है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक सांसद के करीबी थे। उनकी हत्या सांसद के पैतृक आवास से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई।

सरपंच अच्युतानंद ठाकुर ने कहा कि गांव में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। मृतक के बड़े भाई प्रयाग ठाकुर और पोते आशुतोष ठाकुर ने आरोप लगाया कि आरोपी पूरे परिवार को निशाना बना रहा था। परिजनों ने न्यायालय के माध्यम से आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। फिलहाल बहेड़ा थाना की पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत तथा बिरौल थाना की पुलिस हत्या के मामले में जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे पड़री गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra