गणेश प्रतिमा बना रहे रहे मूर्तिकार की पंडाल में गोली मारकर हत्या, प्रतिमाओं के बीच बिखरा खून
जबलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार की पंडाल में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मथुरा सेठ के पास शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करीब 48 से 50 वर्षीय बब्बा सोनकर उर्फ मनोज सोनकर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बब्बा सोनकर पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
घायल बब्बा को पहले थाने ले जाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के प्रयास किए, लेकिन उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर में एक गोली लगी है। वारदात के बाद पंडाल का माहौल पूरी तरह बदल गया। जिस स्थान पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं आकार लेकर पूर्णता की ओर बढ़ रही थीं, वहीं मूर्तिकार का खून बिखरा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
हनुमानताल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक के मराठा समुदाय के कुछ लोगों से पुराने विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस इस पहलू की पुष्टि कर रही है और हत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए ताबड़तोड़ तरीक़े से जुट गई है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे बब्बा सोनकर को किसने और किस वजह से गोली मारी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

