home page

जबलपुर में देवी जागरण के दौरान हमले में घायल युवक की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

 | 
जबलपुर में देवी जागरण के दौरान हमले में घायल युवक की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम


जबलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रांझी के आजाद नगर में देवी जागरण के दौरान हुए हमले में गंभीर रूप से घायल पारस यादव की मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने व्हीकल मोड़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों के मकान ढहाने की मांग कर रहे थे। इसके चलते जबलपुर-अमरकंटक स्टेट हाईवे करीब एक घंटे तक बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, आजाद नगर में देवी जागरण और भंडारे का आयोजन चल रहा था। इस दौरान बुलेट सवार कुछ युवक तेज रफ्तार से वहां से निकले। आयोजन में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, इसलिए लोगों ने युवकों को धीरे वाहन चलाने की सलाह दी। आरोप है कि इस बात पर विवाद होने के बाद युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। करीब 15 से 20 मिनट बाद वे छह से सात साथियों के साथ वापस लौटे।

इसके बाद हथियारबंद आरोपियों ने श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पारस यादव, रवि गोटिया और रागिनी सहित आठ लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल पारस ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद सक्रिय हुई रांझी थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर तक वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पारस की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के मकान ढहाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर रांझी एसडीएम गगन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम आरोपियों के मकानों की नाप-जोख कर रही है। प्राथमिक आरोपी समीर वंशकार का मकान सरकारी नजूल भूमि पर पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और पारस के अंतिम संस्कार के लिए सहमति दे दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक