home page

नागदा - पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, ईंट से वार कर हत्या को दिया था अंजाम

 | 
नागदा - पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, ईंट से वार कर हत्या को दिया था अंजाम






नागदा, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा थाना क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा आरोपी की बहन से संबंध होने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने ईंट से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बुधवार शाम 6 बजे एक प्रेस वार्ता में बताया कि 14 जुलाई को सूचना मिली थी कि जूना नागदा स्थित बाबू कबाड़ी के ईंट भट्टे के पास हनुमान मंदिर के समीप एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान लखन उर्फ लाला (23), निवासी नई आबादी, जूना नागदा के रूप में की। घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, ईंटें एवं अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की सहायता से वैज्ञानिक जांच की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मृत्यु होना सामने आया। इसके आधार पर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने देव चन्द्रवंशी (20), निवासी जूना नागदा को चामुंडा माता मंदिर, चंबल नदी क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसकी बहन के संबंध में टिप्पणी कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि जब मृतक ईंट लेकर उसकी ओर दौड़ा तो उसने ईंट छीनकर उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप तथा नगर पुलिस अधीक्षक विक्रम अहिरवार के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमृतलाल गवरी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस अंधे कत्ल का खुलासा किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक योगिता उपाध्याय, उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह चौहान सहित थाना नागदा, साइबर सेल और अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया