सागरः पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सागर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में थाना आगासौद पुलिस ने शनिवार को एक चुनौतीपूर्ण मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज 'अंधे कत्ल के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना आगासौद थाना क्षेत्र के ग्राम देहरी की है। थाना आगासौद पुलिस को 28 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम देहरी स्थित एक बगीचे में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही आगासौद पुलिस बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शुरुआती पूछताछ और शिनाख्त में मृतक की पहचान कल्लू चढ़ार (निवासी- ग्राम देहरी) के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे घायल अवस्था में कल्लू को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल बीना लेकर गए थे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला एक सामान्य मौत जैसा प्रतीत हो रहा था। लेकिन आगासौद पुलिस ने जब शव का बेहद बारीकी और सूक्ष्मता से निरीक्षण किया, तो कहानी पूरी तरह बदल गई। पुलिस को मृतक के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान मिले, जिससे यह साफ हो गया कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि बेरहमी से किया गया कत्ल है। पुलिस ने तत्काल आगासौद थाने में मर्ग कायम कर अपनी तफ्तीश का दायरा बढ़ाया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, और स्थानीय गवाहों से पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ पुख्ता सबूत लगे। जांच में यह सच सामने आया कि ग्राम देहरी के ही रहने वाले दो युवकों कल्लू उर्फ विश्वनाथ ठाकुर और मनीष ठाकुर ने मृतक कल्लू चढ़ार के साथ पहले बुरी तरह मारपीट की थी और बाद में उसका गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
जांच में पर्याप्त और ठोस साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए आरोपियों की घेराबंदी शुरू की। पुलिस की इस चौतरफा घेराबंदी के आगे आरोपी ज्यादा दिन भाग नहीं सके और पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज उगले हैं। फिलहाल पुलिस आगे की वैधानिक कार्यवाही में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

