जीजा की हत्या के चार आरोपित गिरफ्तार
सुलतानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में शाकिब हत्याकाण्ड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन के लालच में सालों ने अपने जीजा की गला दबाकर हत्या कर शव तालाब में फेंकने दिया था। पुलिस ने चार आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने शनिवार को बताया कि दो अगस्त को ग्राम लोलेपुर चौहानी में हुई मो. शाकिब की हत्या के चार आरोपिताें को गिफ्तार किया गया है।पुलिस ने आज सुबह विनोबापुरी के सामने महुए की बाग में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है ।
जिसमें सलमान अहमद पुत्र सरदार, मो. हुसैन उर्फ गोलू पुत्र अबरार अहमद, मो. जीशान पुत्र नुरूल हक, सलमानुल हक उर्फ सलमान पुत्र शमशुलहक शामिल हैं। ये सभी नकराही के निवासी हैं। पुलिस टीम को सफल अनावरण के लिए 25 हजार रूपये का पुरस्कार दिया है
मो.शाकिब ( 25 ) जो अपने ननिहाल ग्राम लोलेपुर चौहानी थाना कोतवाली नगर, सुलतानपुर में रहता था, दो अगस्त को घर से किसी कार्य से बाहर निकला था और वापस नहीं आया । परिजनों ने तलाश किये जाने पर अगले दिन घर से लगभग 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उसका शव मिला । मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाये गये।घटना के संबंध में मृतक के पिता सहबान पुत्र जस्सम अली, निवासी ग्राम फरीदीपुर, थाना गोसाईगंज, जनपद सुलतानपुर की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में अज्ञात आरोपित के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना के शीघ्र अनावरण हेतु अपर पुलिस अधीक्षक , क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में एसओजी , सर्विलांस व थाने के 04 टीमों को लगाया गया था ।
पुलिस के अनुसार नानी ने मृतक मो. शाकिब को पक्का मकान तथा 05 बिस्वा हाइवे के किनारे जमीन भी दी थी । मृतक ने 05 बिस्वा जमीन जो हाइवे (लखनऊ- बनारस ) के पास थी, जिसे जहीनुद्दीन निवासी भुल्की कोतवाली देहात को बेचने के लिए 48 लाख रूपये में एग्रीमेंट किया था ,जिसमें 02 लाख रूपये एडवांस ले लिया था तथा शेष रकम बैनामा करने के बाद लेनी थी ,जिसके लिये नया खाता खुलवाया था । जिसमें अपने मामा इलियास के लड़के अदीब अनवर उर्फ गोलू को नॉमिनी बनाया । इसकी जानकारी जब पत्नी शब्बो को हुई, उसने यह बात अपने भाइयों को बतायी । मृतक के सालों को यह लगने लगा कि जमीन का सारा पैसा यह हमारी बहन को न देकर स्वयं शराब पीकर तथा उल- जलूल कामों में खर्च कर देंगे । इसी दौरान मृतक के सालों सलमानुल हक उर्फ सलमान व कुन्नू पुत्रगण शमशुलहक, निवासी नकराही, थाना कोतवाली देहात, सुलतानपुर ने योजना बनायी कि मो. शाकिब को रास्ते से हटा दिया जाये ,तो यह जमीन हमारी बहन के नाम अभिलेखों में आ जायेगी और उसकी हो जायेगी। इसके बाद अभियुक्तगणों ने मिलकर शाकिब की हत्या की योजना बनायी । योजनानुसार सलमान पुत्र सरदार ने मृतक को अपने साथ ले जाकर शराब पिलायी और योजनावद्ध तरीके से मो. शाकिब को गाँव से बाहर ले गया वहाँ पर पहले से मौजूद अभियुक्तगण मो. हुसैन , मो. जीशान,सलमानुल हक उर्फ सलमान के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर मो. शाकिब को मार दिया तथा जल निगम के तालाब में फेंक दिया ।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

