home page

बाराबंकी में नीतेश की हत्या में फरार चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
बाराबंकी में नीतेश की हत्या में फरार चार आरोपित गिरफ्तार


-मनोज मौर्या ने पांच लाख रुपये में दी थी हत्या की सुपारी

बाराबंकी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में हुए नीतेश मौर्या हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार काे खुलासा करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि हत्या के पीछे 14 लाख रुपये के लेनदेन और धान खरीद के कारोबार में 10 लाख रुपये के कथित गबन का विवाद सामने आया है। मुख्य आरोपित मनोज मौर्या ने अपने साथी अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद पांच लाख रुपये में सुपारी देकर नीतेश की हत्या कराई गई।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने पत्रकाराें काे बताया कि 29 अक्टूबर को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के डफरपुर चौराहे के पास से नीतेश कुमार मौर्या को कुछ लोग कार में बैठाकर ले गए थे। बाद में उसका शव सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र में पन्ना ढाबे के पास मिला था। मामले में मुकदमा दर्ज कर हत्याकांड के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और बड्डूपुर पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच करते हुए शनिवार को भगौली पुलिया के पास से चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताें में मनोज मौर्या, अंकित गुप्ता, दीपू उर्फ दिलीप कुमार वर्मा और अमरेन्द्र वर्मा शामिल हैं। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मनोज मौर्या ने नीतेश से आरओ प्लांट लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा धान खरीद के कारोबार में भी करीब 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। नीतेश लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था। इसी बीच एक महिला से बातचीत को लेकर भी अंकित और नीतेश के बीच रंजिश सामने आई। इन विवादों के चलते मनोज और अंकित ने नीतेश की हत्या की योजना बनाई।

आरोप है कि मनोज ने दीपू उर्फ दिलीप को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। दीपू ने अमरेन्द्र समेत अन्य लोगों को इस साजिश में शामिल किया। 29 अक्टूबर को नीतेश मोटरसाइकिल से अपनी बहन के घर से लौट रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपिताें ने बड्डूपुर क्षेत्र में डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल के पास उसे कार में बैठा लिया। उसकी मोटरसाइकिल और सिलेंडर सड़क किनारे छोड़ दिए गए। इसके बाद उसे सीतापुर के पिसावां क्षेत्र में ले जाकर गला काटकर और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, बरामद स्विफ्ट डिजायर कार दीपू ने हत्या से अर्जित धन से खरीदी थी। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल चारों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपिताें की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी