हत्या मामले में फरार पच्चीस हजार का इनामी माफिया अतीक का करीबी गिरफ्तार
प्रयागराज, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करेली पुलिस टीम ने शुक्रवार को हत्या मामले में फरार 25 हजार के इनामी आरोपित को बरखण्डी महादेव मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मूलरूप से धूमनगंज थाना क्षेत्र के कसारी मसारी निवासी राशिद दुर्रानी पुत्र मो. हाशिम है । वर्तमान में ख्वाजा नगर ऐनुद्दीनपुर, थाना करैली में रह रहा था। गिरफ्तार आरोपित खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना करैली में दर्ज मुकदमा संख्या 69/2026 धारा 103(1)/61(2)(a) बीएनएस से संबंधित है।
क्या था मामला
8 अप्रैल 2026 को वादी मो. आमिर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पिता मो. इरफान को चाय की दुकान पर बैठे समय आरोपितों ने गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। परिवार के लोगों ने बताया कि आराेपित माफिया अतीक अहमद गैंग का सक्रिय सदस्य है। उनके नाम पर क्षेत्र में दबंगई अब भी कर रहा था।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ हत्या, साजिश, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले से ही पुलिस की निगरानी में था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीसीपी सिटी का बयान
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि, “हत्या के इस गंभीर मामले में वांछित चल रहे इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
गिरफ्तारी टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आशीष सिंह, उपनिरीक्षक रमेश कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

