home page

अमेठी : नर्सिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, प्रधानाचार्य और वार्डेन पर हत्या का मुकदमा दर्ज

 | 
अमेठी : नर्सिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, प्रधानाचार्य और वार्डेन पर हत्या का मुकदमा दर्ज


अमेठी : नर्सिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, प्रधानाचार्य और वार्डेन पर हत्या का मुकदमा दर्ज


अमेठी, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा दीप्ति यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कॉलेज प्राचार्य एवं वार्डन के ऊपर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्यवाही शुरू की है।

मृतका दीप्ति यादव की मां सुनीता के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 10:45 बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय सब कुछ सामान्य था। इसके बाद दोपहर में परिजनों को छात्रा की हालत गंभीर होने की सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि उनके कॉलेज पहुंचने से पहले ही छात्रा को वहां से हटाकर पंचायत नामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। मां ने यह भी सवाल उठाया कि उनकी बेटी की चप्पल कॉलेज में ही मिली, जबकि वह बिना चप्पल के बाहर नहीं जाती थी। परिजनों के मुताबिक पुलिस की ओर से छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात बताई गई, लेकिन परिवार घटनाक्रम से संतुष्ट नहीं है। मृतका की मां सुनीता की तहरीर पर मुंशीगंज कोतवाली पुलिस ने इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश एस. और छात्रावास वार्डेन नेहा शुक्ला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

मुंशीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी