सागर: रास्ते के विवाद में पिता-पुत्र ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की हत्या, शव कुएं में फेंका
सागर, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की महाराजपुर थाना पुलिस ने बुधवार को एक अंधे हत्याकांड का खुलासा किया है। खेत के रास्ते के पुराने विवाद को लेकर पिता और पुत्र ने मिलकर एक 40 वर्षीय व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सरईवन निवासी कुंजन यादव (उम्र 40 वर्ष), पुत्र बृजलाल यादव, दिनांक 22 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे अपने घर से खेत पर काम कर रहे परिजनों के लिए खाना लेकर निकला था। लेकिन वह रात में घर वापस नहीं लौटा। अगले दिन यानी 23 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे प्रहलाद राजपूत के कुएं में कुंजन यादव का शव तैरता हुआ मिला। शव को कुएं से बाहर निकालने पर उसके सिर, आंख, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे साफ था कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और मामले की बारीकी से विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों और संदेहियों से गहन पूछताछ की, तो एक बड़ा सुराग हाथ लगा। जांच में सामने आया कि मृतक कुंजन यादव और गांव के ही मदन गोंड के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 22 जून की रात को जब कुंजन अपने खेत की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में मदन गोंड और उसके बेटे आकाश गोंड ने उसे अपने खेत पर बनी टपरिया (झोपड़ी) के पास रोक लिया।
रास्ते के उसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपी मदन गोंड और उसके पुत्र आकाश गोंड ने कुंजन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और संवेदनशील अंगों पर गंभीर चोटें लगने के कारण कुंजन यादव की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई और पुलिस से बचने के लिए साक्ष्य छिपाने की साजिश रची। वे कुंजन के शव को घसीटते हुए ले गए और पास के कुएं में फेंक कर मौके से फरार हो गए।
महाराजपुर थाना पुलिस ने वैज्ञानिक, फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कड़ियों को जोड़ा और वारदात के महज 24 घंटे के अंदर दोनों मुख्य आरोपियों, मदन गोंड और उसके बेटे आकाश गोंड को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में कुछ अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी विवेचना अभी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

