युवती हत्याकांड का खुलासा,एक अपराधी गिरफ्तार,प्रेम प्रसंग विवाद में हुई थी हत्या
सहरसा, 16 मार्च (हि.स.)।
जिले में सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया बहियार में बीते 8 मार्च को गोली मारकर हुई युवती हत्या कांड के घटना का सफल उद्भेदन कर लिया गया है।
एसपी हिमांशु के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने घटना में शामिल अप्राथमिकी के एक अभियुक्त को गिरफ्तारी किया है। जिनके निशानदेही पर उनके घर से एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया। घटना का कारण युवती से प्रेम प्रसंग में हो रहे विवाद को बताया जा रहा है।
सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया बीते 8 मार्च को जिला के सलखुआ थाना क्षेत्र स्थित बहियार में युवती के शव बरामद होने की सूचना मिली थी। उक्त युवती की गोली मारकर हत्या की गई थी। उनके पिता की शिकायत पर सलखुआ थाना कांड संख्या - 40/26 दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु के निर्देश पर डॉग स्क्वायड की टीम, एफएसएल की टीम और डीआईयू की टीम को घटनास्थल पर भेज कर साक्ष्य का संकलन किया गया था। फिर एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई थी। जिसमें सिमरी बख्तियारपुर इंस्पेक्टर मो सिराजुद्दीन, सलखुआ थाना अध्यक्ष संजना कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्वीटी कुमारी, बबलू कुमार और दीपक कुमार के साथ पुलिस बल को शामिल किया गया था। जिसने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर घटना में शामिल अप्राथमिकी के एक अभियुक्त सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपड़िया गांव, वार्ड नंबर - 3 निवासी फतिगन यादव के पुत्र भूपेन यादव की गिरफ्तारी की गई। जिनके निशानदेही पर उनके घर में छिपा कर रखे एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया। पूछताछ करने पर अभियुक्त ने युवती से प्रेम प्रसंग होने और उसमें हो रहे विवाद के कारण हत्या की घटना को कारित करने की बातें स्वीकारी। गिरफ्तार अपराधी को अग्रतर कार्रवाई के लिए जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

