बहादुरगंज में महजबी खातून हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी गिरफ्तार
किशनगंज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा वार्ड संख्या 14 में 46 वर्षीय महजबी खातून की हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने मृतका के पड़ोसी 23 वर्षीय सिमनान उर्फ साह समिनान को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को प्रेसवार्ता कर एसडोपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि आरोपी ने आपसी विवाद के बाद महिला की साड़ी से गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले में अन्य बिंदुओं पर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि नटुआपाड़ा वार्ड संख्या 14 निवासी महजबी खातून, पति मुजाहिर आमल, की उनके घर में हत्या कर दी गई है। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं।
सूचना मिलते ही बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा गया। मृतका की पुत्री के आवेदन पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 643/26, दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पूछताछ, छापेमारी और साक्ष्य संकलन के आधार पर तकनीकी एवं मानवीय सूचना से प्राथमिकी अभियुक्त सिमनान उर्फ साह समिनान को गिरफ्तार किया। वह नटुआपाड़ा वार्ड संख्या 14 का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मृतका से पिछले एक वर्ष से जान-पहचान थी। 5 अक्टूबर की रात महिला के फोन करने पर वह उनके घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर मारपीट कर साड़ी से गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद मोबाइल बंद कर वह फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। छापेमारी दल में बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार, जिला आसूचना इकाई एवं बहादुरगंज थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

