home page

सूरज कुमार हत्याकांड के दो आरोपित गिरफ्तार , जेल

 | 
सूरज कुमार हत्याकांड के दो आरोपित गिरफ्तार , जेल


सुलतानपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर में सूरज कुमार हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी रंजिश के चलते युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी। युवक का शव पानी भरे एक खेत से बरामद हुआ था।

थानाध्यक्ष विवेक कुमार राय ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने गांव के मुनीराम पुत्र महगू और राजाराम पुत्र आशाराम को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

मृतक सूरज कुमार के भाई मोनू कुमार पुत्र स्वर्गीय कन्हैया लाल ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 08 बजे सूरज कुमार अपने खेतों की ओर गए थे।

आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते सूरज को उस्मान के खेत में चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित शव को पानी भरे खेत में फेंककर फरार हो गए। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के कई लोगों को नामजद किया था।

नामजद आरोपियों में राजाराम पुत्र आशाराम, मुनीराम पुत्र महंगू, सीताराम पुत्र महंगू, गीता पुत्री मुनीराम, रामदीन पुत्र रामअचल, देवीदीन पुत्र विपत, आशाराम पुत्र महंगू और अभिषेक पुत्र आशाराम शामिल हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर प्राथमिकी दर्ज की थी। शनिवार शाम शव का अंतिम संस्कार किया गया था। क्षेत्रीय विधायक ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त