सागर: समनापुर शाहजू हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
सागर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम समनापुर शाहजू में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। महाराजपुर थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटना के मात्र कुछ ही घंटों के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल रहली भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि घटना 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 04:30 बजे की है। ग्राम समनापुर शाहजू में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने एकमत होकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में गंभीर चोटें आने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तुरंत नियंत्रित किया।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकाश कुमार शाहवाल ने तत्काल विशेष टीमों का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उईके एवं लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस ने गांव में सघन दबिश दी। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों-टंटू यादव, अखलेश यादव, भागचंद यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कुल 07 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज है, जिनमें से शेष 4 आरोपियों (उमेश यादव, मदन यादव, अकलू यादव, सुखलाल यादव एवं सुबेद यादव) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह भदौरिया, प्रआर अमित कुमार, आर हुकुम सिंह, आर वीरेंद्र ठाकुर, आर राजेन्द्र सिंह, आर रुपेश लोधी के साथ थाना देवरी से स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

