पत्नी की तहरीर पर पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज, जेल
--पुत्र ने लकड़ी के पटिया से पीटकर कर दी थी हत्या
हमीरपुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे राठ कस्बे के अतरौलिया मोहल्ले में वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपित पुत्र के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
अतरौलिया मोहल्ले में मामूली विवाद के दौरान 65 वर्षीय शिवराम चौधरी पर उनके पुत्र नरेश ने लकड़ी की पटिया से हमला कर दिया था। हमले में शिवराम गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवराम चौधरी का शव उनके पैतृक गांव टोला खंगारन थाना चिकासी ले जाया गया। जहां देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक की दो पत्नियां हैं। दूसरी पत्नी सुदामा ने गुरुवार को अपने सौतेले पुत्र नरेश के विरुद्ध कोतवाली तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपित नरेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

