home page

पैसे के लेन-देन में पिता की हत्या

 | 
पैसे के लेन-देन में पिता की हत्या


रायबरेली,22जून (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सोमवार को पैसों के लेन-देन में हुए विवाद के दौरान युवक ने अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्यारोपित बेटे की तलाश की जा रही है।

जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरान गांव निवासी देवता प्रसाद पासी (56) का सोमवार को अपने पुत्र दिलीप से पैसों को लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि दिलीप नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी लाठी-डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल देवता प्रसाद जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद से युवक फ़रार है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की।

लालगंज के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी पुत्र दिलीप घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे