home page

छोटे भाई की ईंट से कूंचकर हत्या

 | 
छोटे भाई की ईंट से कूंचकर हत्या


रायबरेली,02सितम्बर(हि. स.)।उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में रिश्तों को कलंकित करते हुए बड़े भाई ने बुधवार को छोटे भाई की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी।आरोपित हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा निवासी रवि कुमार(40)पुत्र स्वर्गीय शिव शंकर प्रतिदिन की तरह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था,वह गांव के बाहर पहुंचा ही था कि रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे उसके सगे बड़े भाई अनूप ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। अनूप ने क्रूरता की हदें पार करते हुए रवि के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। रवि को खून से लथपथ और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने रवि को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रवि की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल एम्स के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, एम्स ले जाते समय रास्ते में ही रवि ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही हरचंदपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।आरोपित भाई घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे