जबलपुर : शराब के नशे में बेटे ने मां की ले ली जान, सिहोरा की घटना से फैली दहशत
जबलपुर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 7 स्थित गढ़िया मोहल्ला में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार करण कोल सोमवार देर रात नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी कांति बाई कोल के साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घर में हो रहे झगड़े को शांत कराने और बहू को बचाने के लिए उसकी मां गिरानी बाई कोल (65) बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान आरोपित का गुस्सा उन पर भड़क उठा।
बताया जा रहा है कि आरोपितने घर में रखे टेबल फैन से मां पर हमला कर दिया। उसने हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार कई वार किए, जिससे गिरानी बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मृतका के बड़े बेटे दशरथ ने मध्य सिहोरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिहोरा अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

