जबलपुरः 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या, बदमाशों ने घेरकर किया हमला
जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हनुमानताल थाना क्षेत्र के चार खंभा इलाके में आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार को 17 वर्षीय किशोर को घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद तनवीर अली (17) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चार खंभा इलाके में 6 से 7 बदमाशों ने तनवीर को घेर लिया और उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने किशोर को संभलने का मौका तक नहीं दिया। चाकुओं के वार से लहूलुहान तनवीर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल तनवीर को तत्काल जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि, मेडिकल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधा दर्जन से अधिक बदमाशों द्वारा चाकुओं से लैस होकर किशोर पर हमला किए जाने से क्षेत्र में भय का माहौल है।
फिलहाल हनुमानताल थाना पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात के कारणों और इसमें शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

