युवती की हत्या कर कुएं में फेंका शव, पिता और चाचा गिरफ्तार
बाराबंकी 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी स्थित रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत किनारे स्थित कुएं में मिले युवती के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शनिवार की रात पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि युवती की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया था, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। मामले में युवती के पिता दिनेश और चाचा चक्रेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
कोतवाल के अनुसार, घटना की जांच के लिए पुलिस गांव पहुंची तो युवती के पिता के घर पर ताला लगा मिला। युवती के साथ प्रेम प्रसंग की चर्चा जिस युवक से थी, वह भी गायब था। ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली कि युवती की शादी उसी युवक से तय होने की बात चल रही थी। इन परिस्थितियों के चलते पुलिस को परिजनों पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवती के पिता को तलाश कर थाने लाया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत डूबने से होने की बात सामने आई। थाने में पूछताछ के दौरान पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। परिजनों ने सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए शादी के लिए सहमति तो दे दी थी, लेकिन वे मन से राजी नहीं थे।
पुलिस के अनुसार, युवती के घर से चले जाने के बाद पिता ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद दोनों उसकी तलाश में निकले। गुरुवार शाम युवती मरकामऊ के आसपास मिल गई, जिसके बाद परिजन उसे डांटते हुए घर ले आए। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद पिता और चाचा ने मिलकर उसका गला दबा दिया और शव गांव के बाहर खेत में बने कुएं में फेंक दिया, जिससे मामला आत्महत्या का लगे।
कोतवाल ने बताया कि युवती के पिता के घर पर ताला लगा होने और उसके गायब रहने से पुलिस का संदेह गहरा गया था। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और मामले का खुलासा हुआ। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

