home page

देवा गुर्जर हत्याकांड का आरोपी पिस्टल-कारतूस के साथ पकड़ा

 | 
देवा गुर्जर हत्याकांड का आरोपी पिस्टल-कारतूस के साथ पकड़ा


चित्तौड़गढ़, 07 मई (हि.स.)। चर्चित देवा गुर्जर हत्याकांड में जमानत पर चल रहे आरोपी कालूलाल गुर्जर को रावतभाटा थाना पुलिस ने अवैध पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से जेल में था और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि देवा गुर्जर हत्याकांड के जमानत पर चल रहे आरोपियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। रावतभाटा थानाधिकारी संजीव स्वामी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम में एएसआई त्रिभुवनसिंह, कांस्टेबल दानवीर, मनीष, नरेश व रामावतार ने रावतभाटा क्षेत्र में निगरानी रखते हुए कार्रवाई की। इस दौरान 26 वर्षीय कालूलाल पुत्र भैरूलाल गुर्जर निवासी खेड़ारूदा थाना चेचट जिला कोटा के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस जब्त किए। आरोपी कालूलाल को गिरफ्तार कर रावतभाटा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अवैध देशी पिस्टल व कारतूस की खरीद-फरोख्त के संबंध में अग्रिम अनुसंधान कर रही है। गौरतलब है कि आरोपी कालूलाल देवा गुर्जर हत्याकांड में लंबे समय तक जेल में रहा था और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल