21 वर्ष बाद पैरोल पर जेल से निकलकर फरार हत्या का आराेपित हुआ गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 11 जून (हि.स.)। जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में दोषी एक आरोपित सोढ़ी मासा (45वर्ष ) निवासी कटेकल्याण के गाटम डोंगरीपारा को पुलिस ने 21 वर्ष बाद गिरफ्तार किया है। आरोपित साल 2005 में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद वह तेलंगाना में नाम बदलकर रह रहा था।
पुलिस ने उसे तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे आज गुरूवार काे फिर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार हत्या का मामला वर्ष 2001 का है। उस समय आरोपित की उम्र करीब 20 से 24 वर्ष के बीच रही होगी। हत्या के मामले में गिरफ्तार होने के बाद वह केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था।
कटेकल्याण पुलिस के अनुसार वर्ष 2005 में सोढ़ी मासा को 14 दिनों की पैरोल पर अपने गांव जाने की अनुमति मिली थी। पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद उसे वापस जेल पहुंचना था, लेकिन वह नहीं लौटा। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। फरारी के दौरान आरोपित तेलंगाना राज्य के कोत्तागुडेम इलाके के कासनपल्ली गांव में रहने लगा। वहां उसने अपना नाम बदलकर लालाराम सोढ़ी रख लिया था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे और पुलिस तक उसकी जानकारी न पहुंच सके।
कटेकल्याण पुलिस लगातार आरोपित की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित का बेटा हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी गांव आया हुआ है। पूछ-ताछ में पुलिस को पता चला कि उसका पिता तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र में रह रहा है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा और एसडीओपी कटेकल्याण के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। टीम को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना भेजा गया।
पुलिस टीम ने कोत्तागुडेम पहुंचकर आरोपित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जगदलपुर लाया गया और प्रथम अपर सत्र न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आज गुरूवार काे आरोपित सोढ़ी मासा को केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

