home page

हत्याकांड मामले में दो पेशेवर अपराधी गिरफ्तार

 | 
हत्याकांड मामले में दो पेशेवर अपराधी गिरफ्तार


भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)।

जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र में बीते 10 सितंबर को हुए उत्तम कुमार यादव हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर घटना को अंजाम देने वाले दो पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि बीते 10 सितंबर को दौलतपुर (ईशीपुर बाराहाट) निवासी उत्तम कुमार यादव (पिता- राजकुमार यादव) ईशीपुर से कहलगांव जाने वाले मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पचरुखी मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर ईशीपुर बाराहाट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि साहेबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी सरोज भारती की पत्नी के साथ मृतक उत्तम कुमार यादव का अवैध संबंध था।

इसी रंजिश में सरोज भारती ने उत्तम यादव की हत्या की साजिश रची। सरोज भारती और गिरफ्तार दोनों आरोपी पिछले 3-4 दिनों से बाइक से लगातार उत्तम की रेकी कर रहे थे। घटना के दिन उत्तम को पचरुखी मोड़ की तरफ जाते देख सरोज भारती बाइक से उतर गया ताकि उसकी पहचान न हो सके, और बाकी दोनों शूटरों ने सुनसान जगह देखकर उत्तम को गोली मार दी। गिरफ्तार अपराधियों मू प्रदुमन यादव और मो० लालू शामिल है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 1,500 रुपया नगद बरामद किया गया है। जबकि मुख्य आरोपी सरोज भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार प्रदुमन यादव एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि कांड के उद्भेदन के लिए नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-02 के नेतृत्व में इस विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में ईशीपुर बाराहाट थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पुअनि विपिन प्रसाद यादव, पु०अ०नि० शकील अंसारी, सिपाही रतन कुमार, कौशल कुमार सिंह, मुकेश कुमार, सुजीत कुमार और भागलपुर एसटीएफ की टीम शामिल थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर