पिता का हत्यारोपी पुत्र आला कत्ल के साथ गिरफ्तार
फर्रुखाबाद,21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना मेरापुर पुलिस ने पिता की हत्या मामले में नामजद आरोपित बेटे को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।
क्षेत्राधिकार मोहम्मदाबाद सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मेरापुर थाना पुलिस ने मु0अ0सं0 38/26 धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित पिता की हत्या मामले में आरोपित बेटे मोहन सिंह निवासी ग्राम नदौरा को आज गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और खून से सना शर्ट बरामद कर लिया गया है।
सीओ ने बताया कि यह घटना 19 अप्रैल 2026 की है जब वादी नेक राम ने मेरापुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके भाई मोहन सिंह ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर उसका अपने पिता से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने टकोरे (धारदार हथियार) से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

